देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अगले तीन महीनों तक विधानसभा स्तर पर स्थानीय मुद्दों को लेकर जन-जागरण अभियान और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि 16 फरवरी को कांग्रेस कार्यकर्ता राज्यपाल आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कदम सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज को मजबूती देने के लिए उठाया जा रहा है।
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों और फैसलों के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता के मुद्दे उठाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य में बढ़ता भ्रष्टाचार गंभीर चिंता का विषय है और इसके चलते उत्तराखंड के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने महिला अपराधों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर भी चिंता जताई।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता त्रस्त है और सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।