देहरादून: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 2025 बैच के एक छात्र को उसके सीनियर छात्रों के कहने पर उसी बैच का एक छात्र पीट रहा था। कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एंटी-रैगिंग कमेटी को सौंप दिया है।

पटेल नगर स्थित मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी लैब की हेड गजाला रिजवी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। पीड़ित छात्र का मेडिकल परीक्षण भी करवा लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पिटाई करने वाला छात्र 2025 बैच का ही है और उसने यह कार्रवाई 2023 और 2024 बैच के दो सीनियर छात्रों के दबाव में की। कॉलेज प्रशासन ने इन सीनियर छात्रों के अभिभावकों को तलब किया, लेकिन उन्होंने हाजिरी देने से इनकार कर दिया।
मामला तब उजागर हुआ जब हॉस्टल में एमबीबीएस का कोर्स कर रहे छात्र ने सीनियर छात्रों के अनुचित व्यवहार और मारपीट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद हॉस्टल प्रशासन और प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने तुरंत एंटी-रैगिंग कमेटी को जांच के लिए नियुक्त किया।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अनुशासन समिति ने भी छात्रों के बयान दर्ज कर लिए हैं। प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने कहा कि कॉलेज में किसी भी प्रकार की रैगिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस मामले में कड़ा रुख अपनाया जाएगा।
