देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। आयोग ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केन्द्रीयित) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

4 अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार 4 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसी दिन तक आवेदन शुल्क जमा करने की भी अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
इसके अलावा, आवेदन पत्र भरने के बाद यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो अभ्यर्थियों को 12 अगस्त से 21 अगस्त तक ऑनलाइन संशोधन (Correction Window) का अवसर मिलेगा।
ये अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी का नाम उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत होना चाहिए।
आवेदन से पहले पढ़ें पूरी अधिसूचना
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, आरक्षण, परीक्षा शुल्क और अन्य सभी नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
समय पर आवेदन सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने की भी अपील की है।
