रुद्रपुर। नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में गदरपुर पुलिस ने आरोपी विवेक दास को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी माध्यमों से आरोपी का पता लगाकर गिरफ्तारी की।

गदरपुर थाना पुलिस के अनुसार, 19 मई को पीड़ित के पिता ने तहरीर दी कि 17 मई को वह अपनी पत्नी के साथ बाहर गए थे। लौटने पर पता चला कि उनकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं थी। जांच के दौरान पिता के फोन पर आरोपी विवेक दास का कॉल आया, जिसमें उसने बेटी उसके पास होने की जानकारी दी और खोजबीन न करने की धमकी दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर व्यापक जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में टीम ने लगभग 2000 किलोमीटर तक पीछा किया और पश्चिम बंगाल व अयोध्या में कई स्थानों पर दबिश दी। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
कुछ दिन पहले मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी प्लेटफॉर्म की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद गदरपुर पुलिस अयोध्या के रामपुर हेलवारा पोस्ट-सरारासी, निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के पास पहुंची और विवेक दास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
