काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे एक छात्र की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, आईटीआई थाना क्षेत्र के दभौरा टांडा गांव के तीन छात्र रोज की तरह बाइक से लोहिया पुल स्थित अपने स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान हवलदार फार्म के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्र सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों छात्रों को आनन-फानन में सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायल छात्रों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद आरोपी चालक टैंकर लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार टैंकर और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
