देहरादून में दर्दनाक हादसा: बारिश के बीच नाली के पाइप में फंसा 6 वर्षीय मासूम, रेस्क्यू के बाद अस्पताल में मौत
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार को बारिश के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रहा 6 वर्षीय मासूम अरमान तेज पानी के बहाव में नाली के पाइप में फंस गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खेलते-खेलते हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विकासनगर के नवाबगढ़ खादर बस्ती निवासी अरमान शनिवार को बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह सड़क किनारे नाली में लगे करीब 10 इंच चौड़े पाइप के भीतर फंस गया। उसके साथ खेल रहे बच्चों ने तुरंत शोर मचाकर परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। जेसीबी मशीन की सहायता से पाइप को काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया।
30 मिनट चला रेस्क्यू, नहीं बच सकी जान
करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अरमान को गंभीर हालत में उप जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
सड़क निर्माण पर उठे सवाल
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में बनाई गई सड़क का ढाल अधिक होने के कारण बारिश का पानी तेज रफ्तार से नाली में बहता है, जिससे यह हादसा हुआ।
लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पोस्टमार्टम से किया इनकार
मासूम की मौत के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। विकासनगर के सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
सभी पहलुओं की होगी जांच
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
