देहरादून: उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर दून पुलिस ने यातायात व्यवस्था का विस्तृत प्लान जारी किया है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बदली रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी जरूर रखें।

इन समय लागू रहेगा डायवर्जन
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। वहीं 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक और फिर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा।
ऋषिकेश से देहरादून-मसूरी जाने का रूट
ऋषिकेश से देहरादून आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर, थानों, 6 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर के रास्ते भेजा जाएगा।
हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों के लिए
हरिद्वार से आने वाले वाहन भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक होते हुए देहरादून शहर में प्रवेश करेंगे। मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
आशारोड़ी और प्रेमनगर से मसूरी जाने वालों के लिए
इन क्षेत्रों से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला के रास्ते भेजा जाएगा।
देहरादून से हरिद्वार-ऋषिकेश का रूट
देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए आगे भेजा जाएगा।
मसूरी से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वाले वाहन
मसूरी से आने वाले वाहनों के लिए जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, 6 नंबर पुलिया और महाराणा प्रताप चौक होते हुए थानों रोड का रूट निर्धारित किया गया है।
ईसी रोड, घंटाघर और दिलाराम से भी बदला रूट
ईसी रोड से मसूरी जाने वाले वाहन सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए जाएंगे। घंटाघर से मसूरी जाने वाले वाहनों को ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर के रास्ते भेजा जाएगा।
वहीं हाथीबड़कला और दिलाराम क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर का रूट तय किया गया है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन और रूट प्लान का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग प्रतिबंधित मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही न करें और सड़क के किनारे या अन्य प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क करने से बचें। यातायात पुलिस ने लोगों से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
