काशीपुर। रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई दो वर्षीय मासूम का शव 45 घंटे बाद घर से लगभग 40 मीटर दूर मछली पालन तालाब से बरामद हुआ। बच्ची का शव मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरखेड़ा निवासी अशफाक की दो वर्षीय बेटी लाईबा रविवार दोपहर करीब तीन बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला। अंततः उन्होंने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू किया।
सोमवार को रुद्रपुर से फोरेंसिक टीम और काठगोदाम से डॉग स्क्वॉड बुलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह पुलिस ने जल पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्च ऑपरेशन फिर शुरू किया। गांव में आवाजाही रोककर तलाशी अभियान चलाया गया।
खोज के दौरान डॉग स्क्वॉड का डॉग “टाइगर” सूंघते हुए घर से करीब 40 मीटर दूर स्थित मत्स्य पालन तालाब पर पहुंचा और वहीं रुक गया। इसके बाद जल पुलिस कर्मी तालाब में उतरे और पौने 12 बजे बच्ची का शव बरामद कर लिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि बच्ची की मौत डूबने से हुई। पिता अशफाक ने बताया कि उनके पांच बच्चों में लाईबा सबसे छोटी थी। घटना के समय उनकी पत्नी घर में वाशिंग मशीन से कपड़े धो रही थीं।
पुलिस का बयान:
सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने बताया, “बच्ची का शव घर से लगभग 30 से 40 मीटर दूर तालाब से मिला है। आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। प्राथमिक जांच में संभावना है कि बच्ची खेत जा रहे पिता के पीछे चली गई होगी और पैर फिसलने से तालाब में गिरकर डूब गई।”
