उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित नवीन मंडी गल्ला परिसर में गुरुवार सुबह एक भयावह घटना हुई। यहां एक युवक और युवती को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।

सुबह मंडी में काम करने पहुंचे मजदूर और व्यापारी दोनों शव देखकर सकते में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर बड़ी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कोतवाली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर परिसर को सील कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही स्थानीय थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। मृतकों के पास कुछ पहचान पत्र भी मिले हैं, जिनसे उनकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थानीय लोगों से घटना के बारे में किसी भी जानकारी के लिए पुलिस से संपर्क करने की अपील की है। जांच टीम अब मामले के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।
