रुद्रपुर: शहर में जलभराव की पुरानी समस्या के समाधान को लेकर तीनपानी डैम पुनर्निर्माण परियोजना पर काम तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में महापौर विकास शर्मा ने वार्ड संख्या-1 फुलसुंगा स्थित डैम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले जल निकासी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि डैम की जर्जर हालत के कारण फुलसुंगा और आसपास के इलाकों में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। इस मुद्दे को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाए जाने के बाद ₹1.84 करोड़ की लागत से डैम के पुनर्निर्माण को मंजूरी मिली।

मेयर विकास शर्मा ने कहा कि यह परियोजना हजारों लोगों को राहत देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न हो और परियोजना को तय समयसीमा में पूरा किया जाए।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि डैम के पुनर्निर्माण के बाद क्षेत्र में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
