रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या उसके ही करीबी दोस्त ने की थी। आरोपी ने महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में पहले अपने दोस्त पर जानलेवा हमला किया और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और ईंट भी बरामद कर ली गई है।
31 जुलाई को मिला था शव, पुलिस ने शुरू की थी गहन जांच
31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि अनिल की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ाया। जांच में सामने आया कि वारदात से पहले अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद दो दोस्त वहां से चले गए और अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।
शराब पिलाकर सुनसान जगह ले गया, फिर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, सुनील अनिल को बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसी दौरान आरोपी ने पहले लकड़ी की पट्टी और ईंट से अनिल पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
5 हजार रुपये के शक ने ली दोस्त की जान
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चुरा लिए हैं। इसी संदेह ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया और उसने हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही मामले में सभी साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
