रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में प्रेम संबंध को लेकर एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। शादी के लिए परिवार की असहमति से आहत युवक ने होटल के कमरे में यह कदम उठाया। समय रहते पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सितारगंज क्षेत्र के शक्ति फार्म निवासी युवक अपने ही इलाके की एक युवती से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था। युवक ने परिजनों से लव मैरिज की इच्छा जताई, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह मानसिक तनाव में चल रहा था।
होटल के कमरे में अचेत मिला
सोमवार को युवक रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी स्थित एक होटल में ठहर गया। मंगलवार सुबह होटल कर्मचारी जब कमरे में पहुंचे तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जवाब न आने पर कर्मचारी ने खिड़की से झांककर देखा, जहां युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया और युवक को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
कमरे से मिला पत्र
पुलिस को कमरे से एक पत्र भी मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। होटल स्टाफ और युवक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। युवक के बयान दर्ज होने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होगी।
सीओ का बयान
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
