रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में ईद के मौके पर मामा के घर आई एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है और परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी 27 मई को ईद मनाने के लिए रुद्रपुर स्थित अपने मामा के घर आई थी। 29 मई की शाम करीब 5:30 बजे वह अचानक घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।
जांच के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि ग्राम फौजी मटकोटा निवासी अतुल नामक युवक किशोरी को अपने साथ ले गया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से उक्त युवक भी अपने घर से फरार है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही किशोरी और आरोपी युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
