देहरादून: राजधानी में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड कर्नल को फर्जी निवेश योजना में फंसाकर 11 लाख 20 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पंकज विहार, शिमला बाईपास रोड निवासी सुरेंद्र कुमार सिंह (रिटायर्ड कर्नल) ने पुलिस को बताया कि उन्हें वर्तिका आनंद नाम की एक महिला का फोन आया। उसने खुद को वेंचुरा सिक्योरिटीज लिमिटेड के सीईओ हेमंत की सहायक बताया और शेयर बाजार में निवेश पर भारी रिटर्न का दावा किया।
इसके बाद 4 नवंबर 2025 को उन्हें एक व्हाट्सएप लिंक भेजा गया, जिससे वे “नेक्स्टजैन कैपिटल नेटवर्क” नामक ग्रुप में जुड़ गए। ग्रुप में बड़ी संख्या में सदस्य और कई एडमिन मौजूद थे। रोजाना शेयर मार्केट से जुड़ी टिप्स दी जाती थीं और खुद को कंपनी का सीईओ बताने वाला व्यक्ति भरोसा दिलाता रहा।
अगले ही दिन उन्हें एक ‘वीआईपी ग्रुप’ में जोड़ा गया, जहां खास निवेश सलाह देने की बात कही गई। अन्य सदस्यों को दिखाए जा रहे कथित मुनाफे से प्रभावित होकर सुरेंद्र सिंह ने निवेश करना शुरू कर दिया। ठगों ने उन्हें “वेंटसेक प्रो” नाम का मोबाइल एप डाउनलोड कराया, जिसमें निवेश की रकम और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा।
झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 11.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो संपर्क करने वाले सभी लोग गायब हो गए और उन्हें ग्रुप से भी हटा दिया गया।
एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। संबंधित बैंक खातों और डिजिटल डाटा की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान निवेश ऑफर, व्हाट्सएप ग्रुप या संदिग्ध एप के जरिए लेन-देन करने से बचें और किसी भी ठगी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।