हल्द्वानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बेतालघाट में तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल दीपक सामंत को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय ट्रैप ऑपरेशन के तहत पकड़ा गया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल दीपक सामंत एक खनन कारोबारी से कार्रवाई न करने और उसे राहत देने के एवज में 65 हजार रुपये की मांग कर रहा था। लगातार हो रही इस मांग से परेशान होकर कारोबारी ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। इसके तहत शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी सिपाही ने 45 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह पहले भी ऐसे भ्रष्टाचार या अवैध वसूली के मामलों में शामिल रहा है।
बताया जा रहा है कि दीपक सामंत खटीमा के चकरपुर क्षेत्र का निवासी है।
विजिलेंस विभाग के निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराई जा सकती है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में विजिलेंस विभाग द्वारा हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। हल्द्वानी की यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है, जो सरकारी तंत्र में पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।