मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री Narendra Modi आज मेरठ में ‘नमो भारत’ (आरआरटीएस) और मेरठ मेट्रो का लोकार्पण करेंगे। शताब्दी नगर स्टेशन से हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री मेरठ दक्षिण तक यात्रा करेंगे और मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और राज्यपाल Anandiben Patel भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री निर्धारित समय पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
82 किमी का कॉरिडोर, तेज रफ्तार कनेक्टिविटी
‘नमो भारत’ परियोजना का कुल रूट 82.15 किलोमीटर लंबा है, जिसमें लगभग 70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत हिस्सा शामिल है। सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक की दूरी अब करीब 55 मिनट में पूरी होगी। इससे मेरठ सहित आसपास के जिलों को दिल्ली से सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
मेरठ मेट्रो 23 किलोमीटर के शहरी कॉरिडोर पर संचालित होगी। इसकी डिजाइन स्पीड 135 किमी प्रति घंटा और परिचालन गति 120 किमी प्रति घंटा तक निर्धारित है। देश में पहली बार एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर सेमी हाईस्पीड ‘नमो भारत’ और शहरी मेट्रो सेवा साथ संचालित होंगी।
13 स्टेशन, 4 पर नमो भारत का ठहराव
मेरठ मेट्रो के कुल 13 स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें मेरठ दक्षिण, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन पर ‘नमो भारत’ का भी ठहराव होगा। इससे यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस सेवा
तीन कोच वाली मेरठ मेट्रो में 173 सीटें हैं और 700 से अधिक यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे। ट्रेन में सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी अलार्म, ऑटोमैटिक दरवाजे, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, डिस्प्ले स्क्रीन और अन्य सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कड़े सुरक्षा इंतजाम
जनसभा के लिए 36 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किए गए हैं। एसपीजी कमांडो, बुलेटप्रूफ वाहन, जैमर और एंबुलेंस तैनात हैं। पूरे क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है और कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।
उद्घाटन के साथ ही मेरठ–दिल्ली यात्रा तेज, सुरक्षित और अत्याधुनिक परिवहन व्यवस्था के साथ एक नए दौर में प्रवेश करेगी।
