देहरादून: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास हुई। यहां हरियाणा नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मणिमाई मंदिर के पास अनियंत्रित हुई कार
पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। हरियाणा नंबर की कार देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। मणिमाई मंदिर के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हुई और हाईवे किनारे खड़ी यूटिलिटी से जा भिड़ी।
कार में कुल सात लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हर्रावाला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं।
टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद लौट रहे थे
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार सभी लोग हरियाणा से मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे थे। बुधवार सुबह वे देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी को हरिद्वार होते हुए हरियाणा वापस लौटना था।
घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि रास्ते में कार चालक सोमपाल को नींद आने लगी थी। यात्रियों ने उसे वाहन सावधानी से चलाने के लिए कहा था। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गई।
चार लोगों की मौत, तीन घायल
हादसे में नरेश (42), विनोद (40), सोमपाल और एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं विपेंद्र सिंह (35), लाला (35) और एक अन्य व्यक्ति घायल हैं। सभी मृतक और घायल हरियाणा के रोहतक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। एक मृतक और एक घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
तीन अस्पतालों में कराया गया भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए सीएचसी डोईवाला, कैलाश अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दी जा रही है।
नींद आने को माना जा रहा हादसे का कारण
प्रारंभिक जांच में कार चालक को नींद आने की बात सामने आई है। पुलिस घायल विपेंद्र सिंह के बयान के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। इसके अलावा कार की रफ्तार और सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी वाहन की स्थिति की भी जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
