उत्तराखंड के नैनीताल में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। यह दर्दनाक दुर्घटना भवालीगांव बाईपास के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

प्रशासन के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के लखनऊ से नैनीताल घूमने आए पर्यटक थे।
जानकारी के अनुसार, कार जब कैंची धाम क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे को एक स्थानीय फूड वैन संचालक ने अपनी आंखों से देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक 19 मई को नैनीताल पहुंचे थे और 21 मई को भवाली गांव में अपने परिचित के घर जा रहे थे। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य—माता-पिता, बेटा और बेटी—के साथ चालक की भी मौत हो गई।
नैनीताल के सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि कार लखनऊ नंबर की है। मृतक मूल रूप से उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र के रहने वाले थे, जो फिलहाल लखनऊ में रह रहे थे। मृतकों में दो की उम्र 45 वर्ष से अधिक है, जबकि दो बच्चे 12 और 19 वर्ष के थे। ड्राइवर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।