किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र से जुड़े मारपीट प्रकरण में पुलिस जांच के बाद हुए खुलासे ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। मामले को लेकर किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर प्रदेश की कानून व्यवस्था और सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि घटना सामने आने के तुरंत बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा बिना तथ्य जाने सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले में किच्छा विधायक खुद असली हमलावरों और कथित साजिशकर्ता का नाम उजागर करने की मांग कर रहे थे, लेकिन अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि इस पूरे घटनाक्रम की योजना स्वयं उनके पुत्र ने बनाई थी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र और नगर पार्षद सौरभ बेहड़ पर कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने गहन जांच की थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि घटना पूर्व नियोजित थी। इस खुलासे से पहले तिलक राज बेहड़ ने प्रेस वार्ता कर अपने बेटे की भूमिका पर नाराजगी जताते हुए सार्वजनिक रूप से कहा था कि उसकी हरकतों से उन्हें सामाजिक और राजनीतिक रूप से शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है।
पुलिस की रिपोर्ट सामने आने के बाद यह मामला अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का रूप ले चुका है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि सच्चाई उजागर होने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर बयान देने वाले नेता खुद सवालों के घेरे में आ गए हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते पुलिस उनके आवास तक पहुंची और उनके कुछ समर्थकों को कथित रूप से परेशान किया गया, जिससे वे बेहद आहत हैं। राजेश शुक्ला ने कहा कि जब खुद विधायक तिलक राज बेहड़ असली आरोपियों और उनके पीछे के व्यक्ति का नाम सामने लाने की बात कर रहे थे, तो अब सामने आई सच्चाई ही इस पूरे मामले का जवाब बन गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस जांच ने पूरे घटनाक्रम पर से पर्दा उठा दिया है और अब जनता के सामने तथ्य पूरी तरह स्पष्ट हो चुके हैं।
