किच्छा: विधानसभा क्षेत्र किच्छा में आयोजित ‘तहसील दिवस’ कार्यक्रम के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें और जनहित के मुद्दे विधायक के समक्ष रखे।

विधायक ने अधिकारियों की मौजूदगी में सभी मामलों की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की हर न्यायोचित समस्या का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान राजस्व, बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। विधायक ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और लापरवाही बरतने पर सख्त चेतावनी भी दी।

तिलक राज बेहड़ ने कहा कि जनसेवा और सुशासन उनकी प्राथमिकता है, और जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
