जम्मू: जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। शकुंतला फ्लाईओवर पर छात्रों को लेकर जा रही एक मेटाडोर अचानक पलट गई। हादसे में 29 छात्र घायल हो गए। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, तीन घायलों की हालत गंभीर है, जबकि 26 की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, छात्र तिरंगा रैली में शामिल होने के बाद मेटाडोर से बाग-ए-बाहु से मुबारक मंडी की ओर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शकुंतला फ्लाईओवर पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
29 घायलों का अस्पताल में इलाज
GMC जम्मू के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिसाल ने बताया कि हादसे में कुल 29 छात्र घायल हुए हैं। उनके मुताबिक, अधिकांश छात्रों की हालत खतरे से बाहर है। कुछ घायलों को फ्रैक्चर समेत अन्य चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
अस्पताल की ओर से जारी मरीजों की सूची में तीन छात्रों की स्थिति क्रिटिकल बताई गई है। इनमें सुहानी देवी (21), निवासी भवाल, जम्मू; आरती देवी (20), निवासी मजालता, उधमपुर; और सीमा देवी (27), निवासी अथोली, किश्तवाड़ शामिल हैं।
वहीं, बाकी 26 घायलों की हालत स्थिर बताई गई है। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की निगरानी कर रही है।
Chief Minister has expressed deep anguish over the road accident involving a matador carrying over 25 girls on the flyover near the Super Speciality Hospital, Jammu.
The injured were promptly provided medical attention and are reported to be out of danger. The Chief Minister…
— Office of Chief Minister, J&K (@CM_JnK) August 9, 2026
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताई चिंता
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को बेहतर और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों और उनके परिजनों को हर जरूरी सहायता मुहैया कराने को कहा गया है।
फिलहाल सभी घायलों का GMC जम्मू में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
