खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में थारू समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने समाज की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम धामी ने कहा कि जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
![]()
कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। प्रतिनिधियों ने थारू समाज के प्रति मुख्यमंत्री के सहयोग और थारू संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए उनका आभार भी जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संवाद केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और थारू समाज के बीच विश्वास और विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि थारू समाज से उनका जुड़ाव वर्षों पुराना है और खटीमा से उनका आत्मीय संबंध हमेशा बना रहेगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सरकार का फोकस
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनजातीय समुदाय को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि थारू समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, युवा आत्मनिर्भर बनें और बेटियां शिक्षित एवं सशक्त हों।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
सीएम धामी ने कहा, “आज एक बार फिर आप सभी के बीच आकर अपने परिवार से मिलने जैसा सुखद अनुभव हो रहा है। डबल इंजन की सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थारू समाज की ओर से रखी गई समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि समाज की हर समस्या, सुझाव और अपेक्षा सरकार की प्राथमिकता में है और इसके समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम किया जाएगा।
