मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात भूनी टोल प्लाजा पर हैरान कर देने वाली घटना हुई। टोल टैक्स विवाद के बाद टोल कर्मियों ने भारतीय सेना के जवान को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित जवान की पहचान कपिल (26) निवासी गोटका गांव, मेरठ के रूप में हुई है। कपिल भारतीय सेना में सिपाही है और फिलहाल श्रीनगर में तैनात है। छुट्टी खत्म कर वह दिल्ली एयरपोर्ट से ड्यूटी जॉइन करने जा रहा था। उसके साथ कार में चचेरा भाई शिवम भी मौजूद था।
टोल टैक्स को लेकर विवाद
टोल प्लाजा पहुंचने पर कपिल ने आर्मी कार्ड दिखाकर छूट मांगी, लेकिन स्टाफ ने टोल देने पर ज़ोर दिया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ी और सिक्योरिटी इंचार्ज बिट्टू व कर्मचारी अमित मौके पर आ गए।
खंभे से बांधकर पिटाई
आरोप है कि टोल कर्मियों ने कपिल को पकड़कर खंभे से बांधा और लाठी-डंडों से पीटा। इस मारपीट में जवान की नाक और सिर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं झगड़े में टोल स्टाफ के दो कर्मचारी भी घायल बताए जा रहे हैं।
मौके पर हंगामा और पुलिस का दखल
सूचना मिलते ही ग्रामीण और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व कार्यकर्ता अभिषेक चौहान टोल पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोपियों को हटाने और टोल ठेका रद्द करने की मांग की। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति को काबू किया।
जांच में जुटी पुलिस
मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने सरूरपुर थाने में तहरीर दी। जवान का आरोप है कि उसका कार्ड छीनकर उसे पीटा गया, जबकि टोल स्टाफ का कहना है कि पहले हमला फौजी ने किया।
थाना प्रभारी अजय शुक्ला के अनुसार, वीडियो साक्ष्य के तौर पर लिया गया है और मामले की गंभीरता देखते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
