नैनीताल जिले के कैंची धाम मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के बरेली से दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो महिलाओं और एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन भवाली से करीब तीन किलोमीटर आगे निगलाट क्षेत्र के पास पहुंचा था, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और कार लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। दुर्गम स्थल और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों का उपचार जारी है।
एसडीआरएफ की सब इंस्पेक्टर भावना ने बताया कि स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
