रुद्रपुर: शहर के भगत सिंह चौक के निकट आर्य समाज मंदिर वाली गली में स्थित श्रृंगार बुटीक में रविवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बुटीक के बेसमेंट में रात करीब 12:15 बजे भड़की, जिसकी सूचना मिलते ही दमकल विभाग को तत्काल बुलाया गया।

सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां कुछ ही देर में मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को शोरूम के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि यह बुटीक शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. संदीप डोगरा की पत्नी शैलजा डोगरा द्वारा संचालित किया जाता है। आग की घटना में बेसमेंट में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि समय रहते आग बुझा लिए जाने के कारण पूरे प्रतिष्ठान को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। समाजसेवी संजय ठुकराल भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सहयोग किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग पूरे शोरूम और आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे भारी नुकसान होता।
