देहरादून/विकासनगर: उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लालपुल के पास पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर की कार (DL9C 8092) में सवार युवक-युवतियां चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के समीप अचानक वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
एसडीआरएफ चकराता की टीम ने उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्गम खाई में उतरकर टीम ने सभी घायलों तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी लोग घूमने के उद्देश्य से चकराता जा रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन ने बताया कि घायलों में से चार की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घायल व्यक्तियों की पहचान
- रोहन कुमार (23 वर्ष), निवासी नई दिल्ली
- अभिषेक दुबे (26 वर्ष), निवासी रोहिणी, दिल्ली
- अभिषेक (26 वर्ष), निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश
- शिवानी सिंह (22 वर्ष), निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
- प्रिंस राज (22 वर्ष), निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जबकि स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
