चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन टीएचडीसी की विष्णुगाड़–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग में दो लोको ट्रालियों के आपस में टकराने से बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में लगभग 100 इंजीनियर, कर्मचारी और मजदूर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ, जब शिफ्ट समाप्त होने के बाद कर्मचारी ट्राली से सुरंग से बाहर लौट रहे थे। ट्राली में कुल 110 लोग सवार थे। इसी दौरान सुरंग में सामग्री ले जा रही दूसरी लोको ट्राली का ब्रेक फेल हो गया और वह सामने से आ रही ट्राली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रालियां पटरी से उतरकर पलट गईं।
हादसे के तुरंत बाद मौजूद कर्मचारियों ने घायलों को सुरंग से बाहर निकाला। परियोजना प्रबंधन ने तत्काल आपात सेवाओं और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर और विवेकानंद चिकित्सालय पीपलकोटी में भर्ती कराया गया। प्रशासन के अनुसार 42 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया गया, जबकि 17 को पीपलकोटी अस्पताल में भर्ती किया गया। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल श्रमिकों में बड़ी संख्या बिहार, झारखंड और ओडिशा के रहने वालों की है।
टीएचडीसी की 444/448 मेगावाट क्षमता वाली इस परियोजना के लिए एचसीसी कंपनी हाट गांव से हेलंग तक लगभग 13.5 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण कर रही है, जिसमें अब तक करीब सात किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना में लगभग दो हजार कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार रात में ही जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार देने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति स्थिर है और कई को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लोको ट्राली के ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी पाई गई है। वहीं परियोजना प्रबंधक विनोद सिंह ने माना कि एक ही ट्रैक पर दो ट्रालियों का आमने-सामने संचालन गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और परियोजना प्रबंधन से रिपोर्ट तलब की गई है। हादसे के बाद सुरंग में निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
