देहरादून। आरबीआई और आयकर अधिकारी बनकर टिहरी जिले के एक व्यक्ति से 24 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को सीबीसीआईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पीड़ित सोहनलाल रतूड़ी, निवासी हिंडोलाखाल, ने 7 जुलाई 2021 को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि ठगों ने उन्हें ढाई करोड़ रुपये की लॉटरी लगने का झांसा दिया और टैक्स व प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 24 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
मामला थाना हिंडोलाखाल, जिला टिहरी गढ़वाल में दर्ज किया गया था, जिसके बाद जांच सीबीसीआईडी देहरादून सेक्टर को सौंपी गई। विवेचक भारत सिंह ने इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच की। 11 फरवरी 2026 को टीम को बिहार और पश्चिम बंगाल में दबिश के लिए भेजा गया।
13 फरवरी को मुख्य आरोपी अभय कुमार सिंह को पश्चिमी चंपारण से गिरफ्तार किया गया। जांच में आरोपी के खाते में ठगी से जुड़े 4 लाख 10 हजार रुपये के लेनदेन का पता चला। 16 फरवरी को उसे टिहरी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस प्रकरण में उसके तीन अन्य सहयोगी—गुंजन कुमार, नितेश कुमार झा और धनंजय यादव—को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीसीआईडी के आईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
