रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को उस समय बड़ी संगठनात्मक बढ़त मिली, जब बूरानगर के उपप्रधान पति एवं समाजसेवी जगराज सिंह उर्फ जग्गा प्रधान ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधायक शिव अरोरा ने उन्हें और उनके समर्थकों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विकास, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं से प्रभावित होकर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। जगराज सिंह उर्फ जग्गा प्रधान के भाजपा में शामिल होने से बूरानगर और आसपास के क्षेत्रों में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
विधायक ने कहा कि जग्गा प्रधान लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान है। ऐसे में उनके अनुभव और जनसंपर्क का लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा सबको साथ लेकर क्षेत्र के विकास और संगठन विस्तार के लिए कार्य करती रहेगी।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद जगराज सिंह उर्फ जग्गा प्रधान ने कहा कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और भाजपा की कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वह संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, भाजपा नेता सुरेश कंबोज, गदरपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, प्रधान राजकुमार सैनी, प्रधान डॉ. सुमंगल, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
