नई दिल्ली। वेनेजुएला में तेजी से बदलते राजनीतिक और सुरक्षा हालात को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि वहां के हालिया घटनाक्रम गंभीर हैं और भारत स्थिति पर लगातार करीबी नजर बनाए हुए है।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के पक्ष में है। मंत्रालय ने कहा, “भारत वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और कुशल-क्षेम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। हम सभी संबंधित पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे संवाद के माध्यम से मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान करें, ताकि क्षेत्र में स्थिरता बनी रहे।”
मंत्रालय ने यह भी बताया कि काराकास स्थित भारतीय दूतावास वेनेजुएला में रह रहे भारतीय नागरिकों के लगातार संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
Advisory for Venezuela ⬇️
🔗 https://t.co/vz4hBkOhVx pic.twitter.com/hzJsL3WQBL
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) January 3, 2026
इससे पहले भारत सरकार ने मौजूदा हालात को देखते हुए अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की थी। इसमें भारतीयों को वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही, वहां पहले से मौजूद भारतीय नागरिकों से अत्यधिक सतर्क रहने और अपनी आवाजाही सीमित रखने को कहा गया है।
विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को काराकास स्थित दूतावास के संपर्क में बने रहने की भी अपील की है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर +58-412-9584288 (व्हाट्सऐप कॉल सहित) और ई-मेल आईडी cons.caracas@mea.gov.in साझा की गई है। दूतावास के अनुसार, वर्तमान में वेनेजुएला में लगभग 50 प्रवासी भारतीय और करीब 30 भारतीय मूल के लोग रह रहे हैं।
अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद वेनेजुएला में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है, जिससे देश में राजनीतिक अनिश्चितता और गहराई है। इस कार्रवाई को लेकर रूस और चीन सहित कई वैश्विक शक्तियों ने अमेरिका की आलोचना की है।
The recent developments in Venezuela are a matter of deep concern. We are closely monitoring the evolving situation. India reaffirms its support to the well-being and safety of the people of Venezuela. We call upon all concerned to address issues peacefully through dialogue,… pic.twitter.com/8P815GVecx
— ANI (@ANI) January 4, 2026
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क लाया गया है, जहां उन पर ड्रग्स तस्करी से जुड़े आरोपों में मुकदमा चलाया जाएगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सुरक्षित और व्यवस्थित सत्ता हस्तांतरण तक अमेरिका वेनेजुएला में स्थिति को संभालेगा।
भारत सरकार ने फिलहाल अमेरिका की कार्रवाई पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन विदेश मंत्रालय ने दोहराया है कि वह वेनेजुएला की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
