भारतीय वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वायुसेना ने पाकिस्तान के 5 लड़ाकू विमान और कई अन्य एयरक्राफ्ट मार गिराए। इस मिशन में सतह से हवा में मार करने वाली उन्नत मिसाइल प्रणाली का इस्तेमाल किया गया।

300 किमी दूर से मार गिराया गया पाकिस्तानी AWACS
बेंगलुरु में एयर चीफ मार्शल एल.एम. कात्रे व्याख्यान के दौरान एपी सिंह ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई की जवाबी कार्रवाई से पहले पाकिस्तान के कई अहम ठिकानों की पहचान कर ली गई थी। इनमें आतंकी नेताओं की मीटिंग वाली इमारतें भी थीं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का AWACS विमान 300 किलोमीटर की दूरी से गिराया गया। यह विशेष विमान बड़े गोल रडार से लैस होता है। हमले से हुई क्षति का आकलन उपग्रह तस्वीरों और खुफिया रिपोर्ट से किया गया।
देश के लोगों को पूरी सच्चाई नहीं बताई जा सकी
वायुसेना प्रमुख के मुताबिक, “हम अपने नागरिकों को यह नहीं समझा पाए कि हमने कितना बड़ा नुकसान किया। हमें पुख्ता इंटेल था कि कई आतंकी मारे गए हैं। ऑपरेशन के बाद जानकारी मिली कि वे फिर साजिश रच रहे हैं, जिसके लिए हम पहले से तैयार थे।”
एक साथ 9 ठिकानों पर हमला
उन्होंने कहा कि इस बार संदेश साफ था — कड़ी कार्रवाई करनी है। हमले को सिर्फ लॉन्चपैड तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि आतंकी नेतृत्व को भी निशाना बनाया गया। इसमें तीनों सेनाओं और आठ एजेंसियों की भागीदारी रही। बहावलपुर, मुरीदके और दो मुख्यालय समेत 9 ठिकानों पर एक साथ प्रहार किया गया। यह पूरा ऑपरेशन पहले से योजनाबद्ध था।
