बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल में वीरवार देर शाम हुई एक रहस्यमयी मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। नेशनल हाईवे किनारे खड़ी एक कार से 42 वर्षीय बैंक कर्मी और पूर्व सैनिक विपिन ठाकुर का शव बरामद हुआ। घटनास्थल की परिस्थितियां इतनी संदिग्ध थीं कि यह तय करना मुश्किल है कि यह आत्महत्या है या हत्या।

मूल रूप से गांव भपराल निवासी विपिन ठाकुर वर्तमान में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मोरसिंघी शाखा में कार्यरत थे। वे पहले भारतीय नौसेना में सेवाएं दे चुके थे और सेवानिवृत्ति के बाद बैंक में नौकरी कर रहे थे। उनका परिवार घुमारवीं शहर में किराये के मकान में रहता था और बच्चे निजी स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे।
वीरवार सुबह वे ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन शाम छह बजे के बाद उनका फोन बंद हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर पत्नी ने परिचितों को सूचना दी और परिजनों ने तलाश शुरू की।
रात करीब नौ बजे, बल्लू में हाईवे किनारे एक ट्रक के पीछे उनकी कार खड़ी मिली। दरवाजा दूसरी चाबी से खोला गया तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था—चेहरा और मुंह प्लास्टिक के लिफाफे व टेप से पूरी तरह ढका हुआ था, मुंह में गैस सिलेंडर की पाइप लगी थी और हीलियम सिलेंडर का रेगुलेटर खुला था।
पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया, जहां इसे संदिग्ध मानते हुए एम्स बिलासपुर भेजा गया। शुक्रवार को फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।