अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक स्थित सेली गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास के साथ मिलकर अपने ही ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी दामाद पत्नी के साथ फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक चंद्रशेखर पांडे ने अप्रैल 2026 में अपनी बड़ी बेटी जानकी की शादी हरियाणा के हांसी निवासी धर्मवीर से की थी। हाल ही में चंद्रशेखर अपने गांव सेली लौटकर खेती-बाड़ी कर रहे थे। 20 जून को उनकी बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर गांव पहुंचे।
आरोप है कि 21 जून को धर्मवीर ने अपनी पत्नी जानकी और सास खष्टी देवी के साथ मिलकर चंद्रशेखर पांडे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान उन पर एक दर्जन से अधिक वार किए गए, जिससे उनके हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी दामाद अपनी पत्नी को लेकर मौके से फरार हो गया। देर रात जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने बंद कमरे में पड़े घायल चंद्रशेखर को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट के कारण उनकी मृत्यु हुई।
मृतक के पिता नारायण दत्त पांडे की तहरीर पर दन्या थाने में दामाद धर्मवीर, बेटी जानकी और सास खष्टी देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
