टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बदरीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। यह घटना टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र के सत्यों-नौगांव के ऊपर सुबह करीब 9:30 बजे हुई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर को पहले गुप्तकाशी होते हुए देहरादून जाना था, लेकिन अचानक मिले निर्देश के बाद उसका रूट बदलकर सीधे देहरादून कर दिया गया। नए मार्ग पर चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार उलझ गया।

तार फंसते ही हेलीकॉप्टर अनियंत्रित होकर हवा में डगमगाने लगा और नीचे गिरने की स्थिति बन गई। इस संकट की घड़ी में पायलट अनुपमा चौधरी ने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को संभाला और सत्यों-सकलाना के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कर दी।
हादसे में हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन पायलट समेत सभी छह यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर में राज सूरी, श्रीराज सूरी, भूमि सूरी, पार्थ सूरी, हिमांशी पटेल और निष्का सवार थे।

घटना की जानकारी मिलते ही चंबा-सत्यो पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि पायलट की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित सड़क मार्ग से देहरादून भेज दिया गया है।
