हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले 15 वर्षीय किशोर के शव मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले मृतक के दोस्त को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है।

7 फरवरी को पुलिस को झाड़ियों में खून से सना शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की और शव की पहचान कुनाल (15) निवासी रामपुर रायघाटी, थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में सामने आया कि 6 फरवरी की रात कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए देखा गया था। उसके साथ एक स्कूटी सवार युवक भी था।
पुलिस ने स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम निवासी दुर्गा कॉलोनी, थाना गोवर्धनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में की। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मथुरा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नशे में विवाद बना हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ महीनों से अपनी नानी के घर कनखल में रह रहा था और कुनाल उसका पड़ोसी व मित्र था। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई और कुनाल ने उसे थप्पड़ मार दिया।
आरोपी के अनुसार, इसी से आक्रोशित होकर उसने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर कुनाल के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
