रायवाला: रायवाला-ऋषिकेश रेलवे ट्रैक पर सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। सत्यनारायण मंदिर के समीप ट्रेन की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया।

रायवाला कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसा सोमवार रात करीब 9:45 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ऋषिकेश से रायवाला की ओर आ रही बाड़मेर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई।
महिला के पास नहीं मिला पहचान संबंधी कोई दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक मृतका के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। इसके चलते अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
महिला ने क्रीम रंग की मैक्सी और नीले रंग का प्लाजो पहना हुआ था। पुलिस के अनुसार उसके दाहिने हाथ पर टैटू भी बना है। इन पहचान संबंधी निशानों के आधार पर पुलिस महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है।
आसपास के क्षेत्रों में जुटाई जा रही जानकारी
पुलिस ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। महिला की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यदि किसी परिवार की कोई महिला लापता है और उसका हुलिया मृतका से मिलता है, तो परिजन रायवाला पुलिस से संपर्क कर जानकारी दे सकते हैं। महिला की शिनाख्त के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
