रायपुर: विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या की वारदात के बाद इलाके का माहौल गम और दहशत में बदल गया है। मंगलवार को घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग पहुंचे। किसी की आंखों में अपनों को खोने का दर्द था तो किसी के मन में वारदात को लेकर गुस्सा और कई सवाल। शांत माने जाने वाले इस इलाके में हुई तीन हत्याओं ने स्थानीय लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है।

कपूर दंपती को याद कर भावुक हुए पड़ोसी
घटनास्थल पर पहुंचीं स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कपूर दंपती का व्यवहार आसपास के लोगों के साथ अच्छा था। उनके घर में लंबे समय से घरेलू काम करने वाली महिलाओं ने भी परिवार के साथ अपने अच्छे संबंध होने की बात कही।
इसी वजह से घर में लंबे समय से प्लंबिंग का काम करने वाले आरोपी राजकुमार पर हत्या का आरोप सामने आने के बाद स्थानीय लोग हैरान हैं। महिलाओं का कहना था कि घरों में काम करने आने वाले लोगों पर परिवार भरोसा करते हैं, लेकिन इस घटना के बाद लोगों के मन में अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
परिचय और भरोसे को लेकर उठ रहे सवाल
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच वारदात को लेकर लगातार चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों का कहना था कि आरोपी को परिवार और घर के माहौल की जानकारी थी। परिवार के सदस्यों की दिनचर्या से परिचित होने की बात भी लोग कर रहे थे।
हालांकि, वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और घटना किस तरह अंजाम दी गई, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। स्थानीय लोग चाहते हैं कि मामले की हर कड़ी की जांच कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाए।
तीन हत्याओं ने सुरक्षा को लेकर बढ़ाई चिंता
पड़ोसियों के अनुसार विष्णुलोक कॉलोनी को लंबे समय से शांत और सुरक्षित क्षेत्र माना जाता रहा है। यहां रहने वाले लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं। ऐसे में एक ही घटना में तीन लोगों की हत्या ने इस भरोसे को गहरा झटका दिया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी अपील की।
बुजुर्गों की मांग- रात में बढ़ाई जाए पुलिस गश्त
घटना की जानकारी मिलने के बाद रायपुर क्षेत्र के कई बुजुर्ग विष्णुलोक कॉलोनी पहुंचे। बुजुर्ग गबर सिंह ने कहा कि इलाके में पहले इस तरह की घटनाएं नहीं होती थीं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी वारदात के बाद पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, खासकर रात के समय पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद उनके बीच डर का माहौल है और नियमित गश्त से सुरक्षा का भरोसा बढ़ सकता है।
