देहरादून: देहरादून के डोईवाला इलाके में स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अस्पताल के एयर कंडीशनर (AC) में विस्फोट होने के बाद आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते अस्पताल के कुछ हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। आग के चलते भवन में धुआं भर गया, जिससे मरीजों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
हालांकि, अस्पताल स्टाफ, स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता के चलते सभी मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। अस्पताल प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटा रहा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन अपने मरीजों की कुशलक्षेम जानने के लिए चिंतित नजर आए, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्रशासन ने बताया कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। साथ ही अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और एसी यूनिट की तकनीकी जांच भी की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
