NEET पेपर लीक प्रकरण को लेकर रुद्रपुर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे पर आक्रोश जताते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूंककर अपना रोष प्रकट किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा में हुई गड़बड़ी ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि इस तरह के घोटाले शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को कमजोर करते हैं। उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में गंभीर लापरवाही हुई है।
