देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकारी कामकाज की व्यस्तता के बीच कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए खेल गतिविधियों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

शनिवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित 10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता–2025 का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं बैडमिंटन खेलकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
इस प्रतियोगिता में राज्य के 42 विभागों के कर्मचारी और अधिकारी भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आगे भी निरंतर आयोजित होती रहेगी और इससे कर्मचारियों में आपसी समन्वय, ऊर्जा और खेल भावना को मजबूती मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। राज्य नवाचारों, ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से विकास की नई दिशा तय कर रहा है। हाल ही में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिससे खेल सुविधाओं और आधारभूत संरचना का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि यहां के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।
