सांकरी विंटर फेस्टिवल–2025 का सीएम धामी ने किया भव्य शुभारंभ, बोले— शीतकालीन पर्यटन से मजबूत हो रही पहाड़ की अर्थव्यवस्था
उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित सांकरी में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सांकरी विंटर फेस्टिवल एवं टूरिज्म महोत्सव–2025 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने केदारकांठा और हरकीदून की ओर जाने वाले पर्यटक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरी क्षेत्र के केदारकांठा, हरकीदून, देवक्यारा, चांगसील और बराडसर ताल जैसे प्रसिद्ध हिमालयी पर्यटन स्थल उत्तराखंड की पहचान हैं। इन क्षेत्रों में बढ़ता पर्यटन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन केवल कुछ महीनों तक सीमित रहता था, लेकिन शीतकालीन यात्रा और ताल-बुग्याल पर्यटन को बढ़ावा देकर सरकार ने इसे सालभर चलने वाला रोजगार आधारित क्षेत्र बना दिया है।
सीएम धामी ने कहा कि सांकरी केवल एक गांव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने पहली बार सांकरी पहुंचने पर स्थानीय लोगों के आत्मीय स्वागत और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की पारंपरिक लकड़ी की वास्तुकला, लोकगीत, लोकनृत्य और सादा पहाड़ी जीवनशैली राज्य की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाती है। यह महोत्सव विकास के साथ-साथ विरासत को संजोने की सरकार की सोच को भी दर्शाता है।
LIVE: उत्तरकाशी में आयोजित देवभूमि रजत उत्सव एवं शीतकालीन चारधाम यात्रा कार्यक्रम
https://t.co/eowdF9HjjA— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 24, 2025
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के आह्वान के बाद केदारकांठा, हर्षिल, औली, मुनस्यारी और सांकरी जैसे क्षेत्रों में सर्दियों के मौसम में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे सीमांत गांवों में पलायन पर रोक लगी है और स्थानीय युवाओं को गांव स्तर पर ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शीतकालीन पर्यटन से लोक कलाकारों, हस्तशिल्प कारीगरों, पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है। युवा ट्रेकिंग गाइड, होम-स्टे, होटल और पर्यटन से जुड़े अन्य कार्यों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी जैसे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उत्तरकाशी में पार्किंग निर्माण, सड़क परियोजनाएं, पुरोला उप जिला चिकित्सालय और तिलोथ विद्युत गृह जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं।
सांकरी, उत्तरकाशी में आयोजित केदारकांठा पर्यटन-तीर्थाटन शीतकालीन महोत्सव में सम्मिलित होकर देवतुल्य जनता को संबोधित करने के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर किए गए आत्मीय स्वागत हेतु मातृशक्ति का सहृदय आभार। pic.twitter.com/m8nN00hqVt
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 24, 2025
सीएम धामी ने सिलक्यारा टनल हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान में 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की संवेदनशीलता और मजबूत संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ कानून व्यवस्था और पारदर्शिता को भी प्राथमिकता दे रही है। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनता से शीतकालीन पर्यटन को जन आंदोलन बनाने और उत्तराखंड को समृद्ध व आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने विंटर फेस्टिवल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया।
