अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट तथा खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए जी.आई.सी. ग्राउंड में हॉकी और फुटबॉल के लिए बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल टर्फ मैदान का निर्माण किया जाएगा, जिसे दिन-रात्रि उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने हेतु 200 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में 50 बिस्तरों का छात्रावास और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बैडमिंटन कोर्ट का पुनर्निर्माण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे राष्ट्र शक्ति मानते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव न केवल खेल प्रतियोगिता है, बल्कि गाँव-गाँव में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। यह युवा में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे गुणों को विकसित करने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की जा रही हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नई पहचान बनाई। राज्य सरकार जल्द ही “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू करेगी, जिसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।
नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री खेल विकास निधि’, ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’, ‘मुख्यमंत्री उदियमान खिलाड़ी योजना’ और ‘खेल किट योजना’ के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के समग्र विकास के बारे में भी जानकारी दी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पिछले चार वर्षों में ढाई सौ किलोमीटर से अधिक सड़कें बनाई गई हैं। अल्मोड़ा-पौड़ी-गढ़वाल-रुद्रप्रयाग मार्ग का निर्माण 400 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है, जबकि अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क का चौड़ीकरण 922 करोड़ रुपये की लागत से मंजूर किया गया है। ‘उड़ान योजना’ के तहत हेली सेवाओं की शुरुआत की गई और फलसीमा में हेलीपोर्ट निर्माणाधीन है। पेयजल आपूर्ति के लिए गगास नदी पर 31.27 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय परियोजना कार्यरत है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के तहत शोभन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटें बढ़ाई गईं और 36 आईसीयू बेड जोड़े गए हैं।

कार्यक्रम में सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, मेयर अजय वर्मा, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष महिला उद्यमिता परिषद गंगा बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
