चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भयावह घटना घटी, जब एक भालू स्कूल परिसर में घुस आया और कक्षा छह के छात्र को उठाकर ले गया। शिक्षकों और अन्य बच्चों की त्वरित कार्रवाई और साहस से छात्र को सुरक्षित बचा लिया गया।

घटना जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कक्षा छह का छात्र आरव स्कूल में मौजूद था, तभी अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। इस घटना से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और दहशत में आए बच्चे कक्षाओं में छिप गए। बताया जा रहा है कि भालू ने स्कूल का दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की।
अपने सहपाठी पर भालू का हमला होता देख कुछ बच्चों और शिक्षकों ने हिम्मत दिखाई और उसे बचाने के लिए भालू के पीछे दौड़ पड़े। काफी संघर्ष के बाद बच्चे को झाड़ियों से बाहर निकाला गया। आरव के शरीर पर नाखूनों के निशान मिले हैं, हालांकि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्कूल परिसर में डर का माहौल बना हुआ है। बच्चों और शिक्षकों में भय व्याप्त है, जबकि आरव की हालत और घटनास्थल का दृश्य देख कई बच्चे रोते-बिलखते नजर आए। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी इसी स्कूल के एक छात्र पर रास्ते में भालू ने हमला किया था, जिससे इलाके में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है।
