नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तिथियों में आंशिक संशोधन किया है। यह बदलाव विशेष रूप से 3 मार्च 2026 को निर्धारित परीक्षाओं को लेकर किया गया है। बोर्ड ने प्रशासनिक कारणों के चलते इन परीक्षाओं को पुनर्निर्धारित करने का निर्णय लिया है।

CBSE द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, कक्षा 10वीं की जो परीक्षा पहले 3 मार्च 2026 को आयोजित होनी थी, अब वह 11 मार्च 2026 को संपन्न होगी। वहीं, कक्षा 12वीं की 3 मार्च को प्रस्तावित परीक्षा की नई तिथि 10 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधन केवल 3 मार्च 2026 की परीक्षाओं तक सीमित रहेगा। अन्य सभी विषयों की बोर्ड परीक्षाएं पहले से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार ही कराई जाएंगी।

CBSE ने सभी संबद्ध विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे बदली हुई परीक्षा तिथियों की जानकारी शीघ्र छात्रों और अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि किसी भी प्रकार की असमंजस की स्थिति न बने। बोर्ड ने यह भी कहा है कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार डेटशीट में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं और नई तिथियां छात्रों के एडमिट कार्ड में भी दर्शाई जाएंगी।
CBSE के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा कि परीक्षाओं का संचालन सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि तिथि परिवर्तन से छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा, जिससे वे बेहतर और तनावमुक्त तरीके से तैयारी कर सकेंगे।
