देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बीएसएफ का एक जवान गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक, मृतका के पति की शिकायत पर जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने महिला को कथित रूप से जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या की और बाद में स्वयं भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

पत्नी की सूचना के बाद पुलिस पहुंची होमस्टे
पुलिस के अनुसार, आरोपी जवान की पत्नी ने सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन साझा की और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही डोईवाला पुलिस मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची।
पुलिस को कमरे के अंदर 38 वर्षीय बीएसएफ जवान, निवासी मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन), अचेत अवस्था में मिला। वहीं, 40 वर्षीय महिला, निवासी गूलरघाटी (नकरौंदा), मृत पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
दून अस्पताल में भर्ती है आरोपी
घायल जवान को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी ऐसी नहीं है कि उसका बयान दर्ज किया जा सके। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
प्रेम संबंध को लेकर जांच का फोकस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि जवान और महिला के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि आरोपी छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था और घटना से पहले दोनों दो दिनों से संबंधित होमस्टे में ठहरे हुए थे।
मृतका के पति ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने महिला को कथित रूप से जहर देकर उसकी हत्या कर दी और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब जांच एजेंसियां फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
