हल्द्वानी के प्रख्यात यू-ट्यूबर सौरभ जोशी को कुख्यात भाऊ गैंग ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी है। गैंग की ओर से भेजे गए ई-मेल में चेतावनी दी गई कि रकम न देने पर उनकी जी-वैगन कार पर फायरिंग की जाएगी।

रामपुर रोड स्थित ओलिविया कॉलोनी निवासी सौरभ जोशी ने शनिवार कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को उनकी आधिकारिक मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। मेल भेजने वाले ने खुद को भाऊ गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि ई-मेल को नजरअंदाज करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इस धमकी के बाद सौरभ और उनका परिवार भयभीत है और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रंगदारी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर जांच के माध्यम से ई-मेल के स्रोत का पता लगाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।
