रुद्रपुर/गूलरभोज। विधानसभा में विधायक मुन्ना सिंह चौहान की ओर से की गई टिप्पणी के खिलाफ बंगाली समाज में तीखी नाराजगी देखने को मिल रही है। शनिवार को रुद्रपुर और गूलरभोज में समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विधायक का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की।

रुद्रपुर में गांधी पार्क के पास बंगाली कल्याण समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। समिति के सदस्यों ने विधायक चौहान की टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधायक माफी नहीं मांगते, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान समिति के प्रदेश अध्यक्ष दलीप अधिकारी, परिमल राय, चंद्रशेखर गांगुली, विकास मल्लिक, संजय आईस और शुभम दास समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
उधर, गूलरभोज के नई बस्ती चौराहे पर यूथ कांग्रेस के नगर अध्यक्ष आकाश चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विधायक मुन्ना सिंह चौहान का पुतला जलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए विधायक के बयान को समाज को बांटने वाला बताया। प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष चंदन सिंह नयाल, पूर्व ग्राम प्रधान मनोज देवराड़ी, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष त्रिनाथ विश्वास, सभासद लखबीर सिंह लक्खा, सुमित बैरागी, जयराम राजभर, प्रेम सिंह, अजीत मिस्त्री और जयंत विश्वास सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक विधायक चौहान सार्वजनिक रूप से अपने बयान पर माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
