विकासनगर (देहरादून)। देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बादामवाला इलाके में 20 वर्षीय बीबीए-एलएलबी के छात्र अंश गुप्ता ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। बेटे की मौत का सदमा सहन न कर पाने के कारण अधिवक्ता पिता विवेक गुप्ता को भी हार्ट अटैक आ गया, जिनका इलाज फिलहाल आईसीयू में चल रहा है।

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अंश गुप्ता उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी से बीबीए-एलएलबी (पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स) की पढ़ाई कर रहा था। वह कुछ दिन पहले ही थाईलैंड की यात्रा से लौटा था और इन दिनों उसकी परीक्षाएं चल रही थीं। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह परीक्षा देकर घर पहुंचा था। उस समय पिता घर पर नहीं थे, जबकि मां और छोटी बहन घर में मौजूद थीं। परिजनों के अनुसार, अंश का व्यवहार पूरी तरह सामान्य था।
दोपहर का भोजन करने के बाद अंश अपने कमरे में चला गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी मां को योग क्लास छोड़ने गया। इसके बाद बहन भी घर से बाहर चली गई। जब मां योग क्लास से वापस लौटीं तो उन्होंने घर का मुख्य गेट खुला पाया। बेटे के कमरे में पहुंचकर देखा तो अंश फर्श पर पड़ा हुआ था, उसके सिर से खून बह रहा था और पास में ही पिता की लाइसेंसी पिस्टल पड़ी थी।
परिजन तुरंत अंश को उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटे की मौत की सूचना मिलते ही अधिवक्ता पिता विवेक गुप्ता को गहरा आघात लगा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज आईसीयू में जारी है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मां और 14 वर्षीय बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि छात्र की मौत गोली लगने से हुई है। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
