देशभर के बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई बातचीत में सकारात्मक प्रगति के बाद प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को स्थगित कर दिया है। इसके चलते सोमवार से सभी बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे और बैंकिंग सेवाएं बाधित नहीं होंगी।

यूएफबीयू ने 27 सितंबर की रात IBA के साथ हुई बैठक के बाद जारी सर्कुलर में बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर आगे चर्चा और समाधान के लिए सहमति बनी है। इनमें सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं।
बैठक के दौरान स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू PLI योजना पर बैंक यूनियनों द्वारा जताई गई आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान यह सहमति बनी कि IBA इन आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधनों का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखेगा। साथ ही 8 मार्च 2024 के समझौते में शामिल अन्य लंबित मुद्दों पर भी शीघ्र चर्चा कर समाधान तलाशा जाएगा।
यूएफबीयू ने अपने बयान में कहा कि सभी हितधारकों और बैंक ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक स्वीकार्य समाधान निकालने के लिए बातचीत जारी रहेगी। इसी सकारात्मक माहौल को देखते हुए फिलहाल आंदोलन और हड़ताल कार्यक्रम को टालने का फैसला लिया गया है।
Bank strike deferred after the meeting between the Indian Banks’ Association (IBA) and the United Forum of Bank Unions (UFBU) tonight. pic.twitter.com/SPJUwp63p2
— ANI (@ANI) September 27, 2026
गौरतलब है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने हाल ही में तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। यूनियन का आरोप था कि सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ हुए समझौते के बावजूद कई महत्वपूर्ण मांगें पिछले ढाई वर्षों से लंबित हैं।
यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, शनिवार और रविवार को अवकाश घोषित करना तथा नई PLI योजना की समीक्षा शामिल है। यूनियन नेताओं का कहना है कि कर्मचारियों की मांगों पर लंबे समय से निर्णय नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
हालांकि, IBA की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल हड़ताल टाल दी गई है, जिससे देशभर में बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी।
