ऋषिकेश: शिवपुरी पुलिस चौकी में तैनात चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की ड्यूटी से लौटते समय एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास घमंडपुर, रानीपोखरी लाया गया। घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों क्षेत्रवासी उनके आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने भी विनोद शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार के लिए पूर्णानंद घाट, ऋषिकेश ले जाया गया।
चौकी प्रभारी की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
